
रायपुर: रायपुर जिले के आरंग में आज माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब सतनामी समाज के सैकड़ों लोग आरंग थाने के बाहर एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन करने लगे। समाज के लोगों ने कथित गौ सेवक गोल्डी शर्मा और उसके साथियों पर एक युवक के साथ मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगाया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि पूरे थाना परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत कुछ दिन पहले ग्राम गुदगुदा में भैंसों से भरे वाहन को रोकने की घटना के बाद हुई थी। आरोप है कि इसी मामले को लेकर शनिवार को गोल्डी शर्मा ने ग्राम गुदगुदा निवासी बलराम कुर्रे के साथ सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट की। खास बात यह रही कि यह पूरी घटना कथित तौर पर पुलिस थाने के सामने हुई, जिससे लोगों में और ज्यादा नाराजगी फैल गई। घटना का वीडियो सोशल Media पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से गरमा गया।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद सतनामी समाज के लोग बड़ी संख्या में आरंग थाना पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस कथित गौ सेवकों को संरक्षण दे रही है, जिसकी वजह से उनके हौसले बढ़ते जा रहे हैं। समाज के प्रतिनिधियों ने मांग की है कि आरोपी गोल्डी शर्मा और उसके साथियों के खिलाफ तत्काल सख्त धाराओं में FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए।
थाने के बाहर बढ़ती भीड़ और विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण अभिषेक कुमार झा ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वायरल वीडियो और शिकायत की जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरंग में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।