बिलासपुर : सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में संचालित अवैध कबाड़ दुकानों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने क्षेत्र में अवैध रूप से कबाड़ दुकान चलाने वाले 10 संचालकों को थाने बुलाकर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और सभी को न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में अवैध कबाड़ दुकानों के संचालन की शिकायतों को देखते हुए अधिकारियों ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन और थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कबाड़ दुकान संचालकों की जानकारी जुटाई। कार्रवाई के दौरान गणेश नगर चुचुहियापारा, बन्नाकडीह, तिफरा, तालापारा और आसपास के क्षेत्रों में कबाड़ दुकान संचालित करने वाले 10 लोगों को थाने लाया गया। पुलिस ने अवैध रूप से कबाड़ दुकान संचालन के संबंध में सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

इन कबाड़ दुकान संचालकों पर हुई कार्रवाई

पुलिस कार्रवाई में शेख तौसिफ (29), सैय्यद प्रिंस (35), अमित कश्यप (34), साहिल खान (25), अनुप डेविड (31), राजू चौहान (42), दीपेश कुमार साहू (20), अफजल हुसैन (44), मोहम्मद फिरोज (42) और मोहम्मद इमरान खान (41) शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अवैध कबाड़ दुकानों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।