
गुवाहाटी: असम विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस को बड़ा झटका उस वक्त लगा, जब वोटिंग शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही उदलगुरी सीट से पार्टी उम्मीदवार सुरेन दायमारी ने न केवल चुनाव मैदान से खुद को अलग कर लिया, बल्कि कांग्रेस से इस्तीफा देने का भी ऐलान कर दिया है। दायमारी ने मीडिया के सामने कहा कि वे अब चुनाव नहीं लड़ेंगे और पार्टी छोड़ रहे हैं। हालांकि चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, नाम वापसी की अंतिम तिथि गुजर जाने के कारण उनका नाम इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में बना रहेगा और मतदाता चाहें तो उन्हें वोट भी दे सकेंगे।
इस घटनाक्रम ने चुनावी माहौल में हलचल मचा दी है और कांग्रेस की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दायमारी ने पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें प्रचार के दौरान कोई सहयोग नहीं मिला और पार्टी ने उनके साथ विश्वासघात किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जनजातीय समुदाय के मुद्दों की अनदेखी की और स्थानीय स्तर पर संगठन का समर्थन भी नहीं मिला।
73 वर्षीय दायमारी हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए थे और उदलगुरी सीट पर पार्टी को मजबूत करने का प्रयास कर रहे थे। उनके अचानक इस्तीफे और उम्मीदवारी वापस लेने के फैसले ने विपक्ष को कांग्रेस पर निशाना साधने का मौका दे दिया है। फिलहाल, इस सीट पर मुकाबला अन्य क्षेत्रीय दलों के बीच बना हुआ है, जबकि चुनाव आयोग और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।




