
रायपुर: Raipur के खरोरा इलाके में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूल बस को टक्कर मार दी। तिल्दा रोड स्थित चिकन मार्केट के पास होली हार्ट स्कूल की बस एक छात्र को उतारने के लिए रुकी हुई थी, तभी पीछे से आए ट्रक ने बस को रगड़ते हुए जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का गेट उखड़कर नीचे गिर गया, जिससे बस में सवार छोटे बच्चे घबरा गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
घटना खरोरा थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर हुई, लेकिन हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को संभाला और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अब ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।




