-1783754539980_v.webp)
भोपाल। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानून-व्यवस्था का मुद्दा बन गया है। पार्टी द्वारा पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। हालात बिगड़ते देख जिला प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी है, जिसके तहत सार्वजनिक सभाओं, जुलूसों और बिना अनुमति प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है।
धारा 163 के तहत ये प्रतिबंध लागू
प्रशासन के आदेश के अनुसार, बिना सक्षम अनुमति किसी भी प्रकार की जनसभा, धरना, जुलूस या प्रदर्शन आयोजित नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, सोशल मीडिया पर भड़काऊ या शांति भंग करने वाली सामग्री साझा करने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लिया गया है।
नरोत्तम मिश्रा ने क्या कहा?
टिकट नहीं मिलने के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संयम बरतने और किसी भी तरह के उग्र विरोध से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित संगठन है और पार्टी के फैसलों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भावनाओं में बहकर कोई ऐसा कदम नहीं उठाने की अपील की जिससे संगठन की छवि प्रभावित हो। उनका कहना था कि किसी को कोई असहमति है तो उसे पार्टी के निर्धारित मंचों पर ही रखा जाना चाहिए।
12 घंटे तक चला प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने ग्वालियर-झांसी हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब 15 से 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और हजारों वाहन प्रभावित हुए। प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद स्थिति देर रात तक सामान्य नहीं हो सकी।
पुलिस से झड़प, कई जवान घायल
आज तड़के प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। प्रशासन के मुताबिक पथराव में पुलिस अधीक्षक (SP), भांडेर एसडीओपी समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हुए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। हालांकि जिला प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज नहीं किया गया। फिलहाल पूरे दतिया शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।