
डेस्क : अनुपम खेर ने 'श्री रामभूमि' से अपना पहला लुक शेयर कर दिया है। अनुपम खेर अपने अपकमिंग फिल्म 'श्री रामभूमि' में अशोक सिंघल के रोल में नजर आयेंगे।
अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम में पोस्ट कर आधिकारिक तौर पर कंफर्म कर दिया है कि वह आने वाली फिल्म 'श्री रामभूमि' में अशोक सिंघल का किरदार निभा रहे हैं।
एक्टर ने फिल्म 'श्री रामभूमि' में अशोक सिंघल के किरदार के बारे में कुछ खास बातें शेयर की और बताया कि यह रोल उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी बताया कि अशोक सिंघल का श्रीराम जन्मभूमि में बहुत बड़ा योगदान रहा है।
इंस्टाग्राम पोस्ट में अनुपम खेर ने लिखा,
https://www.instagram.com/p/DamJD67gsyb/?utm_source=ig_embed&ig_rid=A1-oqzMT8ePi52tGED9f66q&img_index=3
'अब जबकि मेरे द्वारा निभाए जा रहे किरदार की कुछ तस्वीरें मीडिया में आ चुकी हैं तो मुझे लगा कि आप सबको मैं खुद ही बता दूं कि मैं किस भूमिका में नजर आने वाला हूं। फिल्म श्री रामभूमि में मैं श्री अशोक सिंघल जी की भूमिका निभा रहा हूं!! एक ऐसे व्यक्तित्व, जिन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को अपनी पूरी निष्ठा, दृढ़ संकल्प और समर्पण से दिशा दी। वे केवल एक नेता नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम के अनन्य सेवक थे। उनकी आस्था, उनकी संवेदनशीलता और उनके अटूट विश्वास ने इस आंदोलन को एक नई ऊर्जा दी। इतिहास के ऐसे व्यक्तित्व को पर्दे पर ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ जीवंत करना मेरे लिए एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं पूरी निष्ठा से अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा। आप सबके आशीर्वाद और शुभकामनाओं की आवश्यकता रहेगी। जय श्री राम!'
फिल्म 'श्री रामभूमि' की शूटिंग अभी अयोध्या में हो रही है। समाचार एजेंसी से बातचीत के दौरान, अनुपम खेर ने बताया कि शूटिंग शुरू करने से पहले उन्होंने राम मंदिर और हनुमान मंदिर में आशीर्वाद लिया। अपने विचार शेयर करते हुए दिग्गज अभिनेता ने कहा, 'हमारी नई फिल्म श्री रामभूमि की शूटिंग अयोध्या में हो रही है। राम लल्ला और भगवान हनुमान के आशीर्वाद के बिना कोई काम कैसे शुरू हो सकता है? इसीलिए मैं यहां उनका आशीर्वाद लेने और सभी की सेहत, शांति और खुशी के लिए प्रार्थना करने आया हूं।'