सक्ती : डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर तेज रफ्तार यात्री बस ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। उस पर सवार तीनों ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे और सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह में भजन गाने जा रहे थे। हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।

भजन गाने निकले थे तीनों, रास्ते में काल बनकर आई बस

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह ग्राम दर्री निवासी हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55) और शेतकुमार पटेल (62) एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में शामिल होने निकले थे। तीनों को धार्मिक आयोजन में भजन और गायन की प्रस्तुति देनी थी। तीनों ग्रामीण सक्ती से चंद्रपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास रायपुर से डभरा की ओर जा रही मुस्कान यात्री बस से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। गंभीर चोटों के चलते तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश

दुर्घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस बस चालक की भूमिका, वाहन की रफ्तार और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है।

एक गांव से उठीं तीन अर्थियां, परिवारों में पसरा मातम

एक ही गांव के तीन लोगों की एक साथ मौत की खबर से ग्राम दर्री सहित आसपास के इलाके में मातम पसर गया। तीनों ग्रामीण धार्मिक आयोजन में शामिल होने और भजन गाने के लिए घर से निकले थे। उनके परिजनों को उम्मीद थी कि वे कार्यक्रम से लौटकर आएंगे, लेकिन मौत की खबर ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।

डभरा थाना प्रभारी राजेश पटेल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। तीनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। हादसे के बाद बस चालक फरार है। उसकी तलाश की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।