-1775803983127_v.webp)
लुधियाना। लुधियाना में लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे शातिर ठग जय इंदरपाल सिंह को आखिरकार साहनेवाल थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रॉपर्टी डीलिंग और एनआरआई से ठगी के कई मामलों में वांटेड आरोपी को उसकी पत्नी मनमीत कौर के साथ पकड़ा गया, जो इस पूरे फर्जीवाड़े के नेटवर्क को संचालित करने में उसका साथ देती थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी जाली दस्तावेज तैयार कर जमीनों की खरीद-फरोख्त के नाम पर लोगों को निशाना बनाता था और खासतौर पर विदेश में बसे भारतीयों को ठगी का शिकार बनाता था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जय इंदरपाल सिंह के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई केस दर्ज हैं और वह 2022 से 2024 के बीच पांच मामलों में अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका था। 12 थानों की पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। गुप्त सूचना के आधार पर बनाई गई विशेष टीम ने साहनेवाल इलाके में दोनों को गिरफ्तार किया। फिलहाल, आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे ठगी के पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।




