कानपुर देहात। पैकेट बंद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर कानपुर देहात से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राजपुर कस्बे में 80 रुपये के ब्रांडेड नमकीन पैकेट के अंदर कथित तौर पर मरा हुआ चूहा मिलने के बाद हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग भी सक्रिय हो गया है। विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पैकेट में संदिग्ध वस्तु किस स्तर पर पहुंची और इसके लिए कौन जिम्मेदार है ?

पैकेट खोलते ही सामने आया चौंकाने वाला नजारा
जानकारी के मुताबिक, राजपुर कस्बे की नई बस्ती निवासी जावेद खान ने मुगल रोड के पास एक किराना दुकान से 80 रुपये का ब्रांडेड नमकीन पैकेट खरीदा था। दुकान के बाहर बैठकर जैसे ही उन्होंने पैकेट खोला और नमकीन खाने की कोशिश की, अंदर कथित तौर पर मरा हुआ चूहा दिखाई दिया। अचानक ऐसा नजारा देखकर युवक के होश उड़ गए। उसने तत्काल दुकानदार को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में आसपास के लोग भी वहां जमा हो गए।

मौके पर जुटी भीड़, वीडियो हुआ वायरल
घटना के बाद लोगों ने पैकेट और उसके अंदर मौजूद कथित चूहे का वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने पैकेट बंद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और उसकी पैकेजिंग प्रक्रिया पर सवाल उठाए। हालांकि, वायरल वीडियो या शुरुआती आरोपों के आधार पर यह निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगा कि संदिग्ध वस्तु पैकेजिंग के दौरान ही पैकेट में पहुंची थी। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।