
दुर्ग : बच्चा चोरी का शक हो या फिर किसी बात को लेकर विवाद, कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी के पास नहीं है। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के ग्राम नंदौरी में पांच महिलाओं के साथ हुई मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में कुछ लोग महिलाओं के बाल खींचते, लात-घूंसे बरसाते और डंडों से मारते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार पांचों महिलाएं एक ऑटो से गांव पहुंची थी। इसी दौरान बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीणों को बच्चा चोरी का संदेह हुआ और उन्होंने महिलाओं को घेर लिया। बताया जा रहा है कि महिलाओं के साथ आए दो पुरुष मौके से भाग निकले। हालांकि, भिलाई-3 थाना प्रभारी विजय यादव ने बच्चा चोरी की किसी घटना से इनकार किया है।
बच्चा चोरी नहीं, घरों में घुसकर पैसे मांगने की शिकायत
गांव के सरपंच ने शिकायत की है कि महिलाएं कथित तौर पर घरों में जबरन घुसकर पैसे और चंदा मांग रही थी। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल बच्चा चोरी की पुष्टि नहीं हुई है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
अलग-अलग बता रही थीं पता, पुलिस कर रही सत्यापन
पूछताछ के दौरान महिलाओं के रहने के पते अलग-अलग सामने आने की बात कही गई है। शुरुआती जांच में उनके दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा क्षेत्र का निवासी होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने पांचों महिलाओं को सुरक्षा के लिहाज से थाने में रखा है और उनके नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है।