
भिलाई। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तड़के फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। भिलाई में आज सुबह करीब 6 बजे ईडी की टीम ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पीए केके चंद्राकर के घर पर दबिश दी है। अलसुबह अचानक हुई इस रेड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और हलचल बढ़ गई।
मौके से मिल रही जानकारी के अनुसार, ईडी के अधिकारी घर के भीतर रखे तमाम दस्तावेजों और अन्य जरूरी सामानों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। भिलाई स्थित आवास के बाहर रायपुर पासिंग की दो से तीन गाड़ियां खड़ी हैं। बताया जा रहा है कि इन्हीं गाड़ियों में सवार होकर प्रवर्तन निदेशालय के पांच से 6 अधिकारी सुबह-सुबह यहां पहुंचे।
अधिकारियों ने पहुंचते ही पूरे घर को अपने रडार पर ले लिया। सुरक्षा के मद्देनजर घर के बाहर चारों तरफ सुरक्षाकर्मियों के जवानों को मुस्तैदी से तैनात कर दिया गया है। मुख्य दरवाजे को बंद कर दिया गया है और भीतर किसी के भी जाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल के पीए के घर अचानक ईडी की टीम के पहुंचने से आस-पास के इलाके में भी गहमागहमी बनी हुई है।
फिलहाल, टीम घर के अंदर मौजूद फाइलों और कागजातों को खंगाल रही है। यह कार्रवाई किस मामले को लेकर की जा रही है, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर अभी तक कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसी घर के कोने-कोने की जांच कर रही है। प्रवर्तन निदेशालय की जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी आधिकारिक और विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है। अभी टीम की जांच लगातार जारी है और घर के बाहर जवानों का पहरा लगा हुआ है।