
बिजनौर : जमीन के महज 26 गज के टुकड़े को लेकर चल रही पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। मंगलवार रात रिश्तेदार के घर से खाना देकर लौट रहे एक सिख युवक को रास्ते में घेरकर हमलावरों ने बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। पहले लाठी-घूंसों से जमकर पिटाई की गई और फिर तलवार से गर्दन पर एक के बाद एक कई वार किए गए। भाई को बचाने पहुंचे बड़े भाई को भी हमलावरों ने नहीं छोड़ा और मुक्के मारकर उसके दांत तोड़ दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
रास्ते में घात लगाकर बैठे थे हमलावर
घटना नूरपुर थाना क्षेत्र के राहूनंगली गांव की है। मृतक की पहचान 37 वर्षीय अरवेंद्र सिंह पूरन के रूप में हुई है। उनके बड़े भाई गुरचरन सिंह के अनुसार मंगलवार रात करीब 9:30 बजे दोनों भाई गोविंद नगर स्थित अपने रिश्तेदार के घर खाना देने गए थे। वहां से वापस लौटते समय पिल्खन के पेड़ के पास पहले से घात लगाए बैठे पांच से सात लोगों ने उन्हें रोक लिया। दोनों कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया।
तलवार निकालकर गर्दन पर किए ताबड़तोड़ वार
गुरचरन सिंह का आरोप है कि हमलावरों में हरविंदर सिंह, प्रवेंद्र सिंह और सुरजीत सिंह समेत पांच से सात लोग शामिल थे। पहले सभी ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की। इसी दौरान हरविंदर सिंह ने तलवार निकाल ली और अरवेंद्र सिंह की गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से अरवेंद्र मौके पर ही गिर पड़े। बड़े भाई गुरचरन सिंह ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उनके चेहरे पर मुक्के बरसाए, जिससे उनके दांत टूट गए।
26 गज जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद
परिजनों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच 26 गज जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस जमीन को लेकर अदालत में मुकदमा भी विचाराधीन है। परिवार ने अपनी शिकायत में गुरुपूर्णिमा पर गुरुद्वारे में आयोजित कार्यक्रम को लेकर भी धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आरोपियों की धमकी के चलते वे कार्यक्रम में शामिल होने तक नहीं गए थे।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हमले के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल अरवेंद्र सिंह को लेकर चांदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया। सूचना पर सीओ देश दीपक सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
सात लोगों पर हत्या का केस, कुछ हिरासत में
सीओ देश दीपक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पत्नी और तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
अरवेंद्र सिंह चश्मा बेचने का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। जमीन के विवाद में हुई इस वारदात ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस विवाद का फैसला अदालत में होना था, उसी रंजिश में एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया।