2025 में 696 करोड़ था अनुमान, साल भर में 339 करोड़ बढ़ गई लागत

 

 रायपुर. जल संसाधन विभाग में बड़ी सिंचाई योजनाओं को छोटे हिस्सों में काटकर टेंडर निकालने का सिलसिला थम नहीं रहा है। देऊरगांव बैराज के बाद अब 1035 करोड़ रुपए की मटनार बैराज परियोजना को चार अलग-अलग टुकड़ों में बांट दिया गया है। करीब 8 हजार हेक्टेयर सिंचाई क्षमता वाले इस प्रोजेक्ट को चार हिस्सों में करने के पीछे केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) की तकनीकी और वित्तीय जांच से बचने की आशंका जताई गई है। नियम के तहत 2 हजार हेक्टेयर से ज्यादा सिंचाई क्षमता वाले किसी भी प्रोजेक्ट की फाइल मंजूरी के लिए केंद्रीय जल आयोग भेजनी पड़ती है। विभाग के अफसरों ने कागज पर कैंची चलाकर हर हिस्से को 2 हजार हेक्टेयर की सीमा के नीचे रख दिया, ताकि फाइल दिल्ली जाने के बजाय रायपुर में ही निपट जाए।

 

साल भर में 339 करोड़ बढ़ी लागत, समीक्षा से बचने की आशंका....

मटनार बैराज की फाइल अगर एक साथ केंद्रीय जल आयोग के पास जाती, तो वहां तकनीकी मानकों के साथ-साथ बढ़ी हुई लागत की भी बारीकी से जांच होती। रिकॉर्ड के अनुसार, साल 2025 में तत्कालीन जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप ने दिल्ली में एक प्रेजेंटेशन के दौरान मटनार बैराज की अनुमानित लागत 696 करोड़ रुपए बताई थी। अब टेंडर के स्तर पर यही लागत बढ़कर 1035 करोड़ रुपए पहुंच गई है। यानी सीधे तौर पर 339 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। विभागीय जानकारों का कहना है कि एक साथ फाइल भेजने पर इस बढ़ी हुई रकम का हिसाब देना पड़ता, जिससे बचने के लिए प्रोजेक्ट के टुकड़े कर दिए गए।

अफसरों के जवाब: कोई फाइल भूला, तो किसी की याददाश्त रिटायर हुई...

जब विभाग के जिम्मेदार अफसरों से पूछा गया कि देऊरगांव और मटनार बैराज के टुकड़े क्यों किए गए और क्या यह केंद्रीय जल आयोग से बचने का तरीका है, तो किसी ने सीधा जवाब नहीं दिया। अफसरों की दलीलें भी कम अजीब नहीं रहीं...

 

 * एनके पांडेय (तत्कालीन अधीक्षण अभियंता): बोले- "मैं रिटायर हो चुका हूं। मेरे समय में कुछ नहीं हुआ। वर्तमान अफसरों से बात करें।" जबकि रिकॉर्ड बताता है कि टेंडर तैयार करने से लेकर उसे खोलने तक वे ही कुर्सी पर थे।

 

 * सुमन मिंज (मुख्य अभियंता, जगदलपुर): ने कहा- "दस्तावेज देखकर ही बता पाऊंगा। अभी याद नहीं है कि मटनार में कितने हेक्टेयर में सिंचाई होनी है।" 1035 करोड़ के प्रोजेक्ट का रकबा मुख्य अभियंता को जुबानी याद तक नहीं है।

 

 वेदप्रकाश पांडेय (अधीक्षण अभियंता, जगदलपुर): पल्ला झाड़ते हुए बोले- "शासन से बात कीजिए। मैं इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दे सकता।

 

 जितेंद्र नेताम (प्रमुख अभियंता-ईएनसी): उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

 

 राज्य के खजाने पर 500 से 600 करोड़ का सीधा बोझ....

प्रोजेक्ट को टुकड़ों में बांटने का सीधा नुकसान राज्य के खजाने को उठाना पड़ सकता है। केंद्रीय मानकों को दरकिनार करने पर केंद्र सरकार से मिलने वाली आर्थिक मदद अटक जाती है। इससे पहले प्रदेश की 482 करोड़ रुपए की केलो सिंचाई परियोजना के लिए केंद्र से 120 करोड़ रुपए की सहायता मिली थी। विभागीय अनुमान के अनुसार, अगर देऊरगांव और मटनार बैराज को नियम के तहत केंद्र के पास भेजा जाता, तो राज्य सरकार पर करीब 500 से 600 करोड़ रुपए का आर्थिक बोझ कम हो सकता था।

क्या कहता है नियम..........

दो हजार हेक्टेयर से अधिक सिंचाई क्षमता वाली परियोजना के लिए केंद्रीय जल आयोग की स्वीकृति लेनी पड़ती है। इससे कम क्षमता वाली परियोजना को राज्य स्तर पर मंजूरी दी जा सकती है। मानक पूरे न करने पर केंद्र सरकार से मदद मिलना मुश्किल हो जाता है।

एके बड़िया, पूर्व मुख्य अभियंता

 

 2550 करोड़ के सिकासेर-कोडार टेंडर की अमित शाह से शिकायत....

देऊरगांव और मटनार के अलावा 2550 करोड़ रुपए की सिकासेर-कोडार सिंचाई परियोजना का टेंडर भी विवाद में फंस गया है। भाजपा सांसद रूपकुमारी चौधरी ने इसकी लिखित शिकायत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से की है। सांसद का आरोप है कि टेंडर की शर्तें इस तरह तय की गईं कि प्रतिस्पर्धा खत्म हो गई और देश की बड़ी कंपनियों को इसमें शामिल होने का मौका नहीं मिला। शिकायत में कहा गया है कि तकनीकी खामियों के बावजूद ठेका देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। उन्होंने जांच समिति बनाकर टेंडर की पात्रता, शर्तों और पारदर्शिता की जांच कराने तथा गड़बड़ी मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।