.jpg)
जशपुर : जिले में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर जुर्म पर पर्दा डालने के लिए ऐसी कहानी गढ़ी कि परिवार के लोग भी उसकी बातों में आ गए। उसने पत्नी की मौत को हादसा बताते हुए परिजनों से कहा कि वह खाट से नीचे गिर गई थी, जिससे उसकी जान चली गई। पति की इस कहानी पर भरोसा कर परिजनों ने महिला का शव दफना दिया। लेकिन एक बहन को यह कहानी हजम नहीं हुई। उसके मन में उठे संदेह ने आखिरकार कब्र में दफन हत्या के राज से पर्दा उठा दिया। पुलिस ने कब्र खुदवाकर शव का पोस्टमार्टम कराया तो सामने आया कि महिला की मौत हादसे में नहीं, बल्कि हत्या के कारण हुई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
खाट से गिरने पर हुई मौत और दफना दिया शव
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 6 नवंबर की है। पार्वती बाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद उसके पति मुखलाल राम ने परिजनों को बताया कि रात में पार्वती खाट से नीचे गिर गई थी। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। पति की बातों पर भरोसा करते हुए परिजनों ने किसी तरह का संदेह नहीं जताया और 7 नवंबर को पार्वती के शव को दफना दिया। इस तरह हत्या की वारदात को हादसे का रूप देकर आरोपी ने अपना जुर्म छिपाने की कोशिश की।
बहन को खटकी मौत की कहानी, 20 नवंबर को पहुंची थाने
शव दफन होने के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन मृतका की बहन को संदेह हुआ। उसे यह बात समझ नहीं आ रही थी कि आखिर खाट से गिरने भर से किसी की मौत कैसे हो सकती है। मौत की परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर उसने हिम्मत दिखाई और 20 नवंबर को पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा दी। बहन की शिकायत ने पुलिस को मामले की दोबारा जांच करने के लिए मजबूर कर दिया।
कब्र खोदी तो सामने आया हत्या का खौफनाक सच
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कुनकुरी थाना पुलिस ने प्रशासनिक अनुमति के बाद कब्र से पार्वती बाई का शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पति की बनाई पूरी कहानी पर पानी फेर दिया। चिकित्सकीय जांच में स्पष्ट हुआ कि पार्वती की मौत किसी दुर्घटना में नहीं, बल्कि चोटों के कारण हुई थी और मामला हत्या का है। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस का शक पति मुखलाल राम पर गहरा गया।
चरित्र पर था शक, टांगी के पिछले हिस्से से किए वार
पुलिस ने जब आरोपी पति से सख्ती से पूछताछ की तो वह ज्यादा देर तक अपना जुर्म छिपा नहीं सका। पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या करना कबूल कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि मुखलाल राम अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी शक और गुस्से में उसने टांगी के पिछले हिस्से से पार्वती के सिर, माथे और सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते पार्वती की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने वारदात को हादसा बताकर परिवार को गुमराह किया और शव दफना दिया।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल टांगी बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी भी बरामद कर ली है। कुनकुरी थाना पुलिस ने मुखलाल राम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरे मामले में मृतका की बहन का संदेह और समय रहते थाने पहुंचकर शिकायत करना अहम साबित हुआ।