बालोद : जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के म्यूजिक टीचर पर 11 वर्षीय छात्रा के साथ छेड़छाड़ और उसके निजी अंगों को छूने का गंभीर आरोप सामने आया है। घटना के बाद डरी-सहमी बच्ची ने जब घर पहुंचकर अपने परिजनों को आपबीती सुनाई तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

स्कूल में हुई घटना, घर पहुंचकर बच्ची ने बताई आपबीती

मिली जानकारी के अनुसार छात्रा निजी स्कूल में पढ़ती है। आरोप है कि स्कूल में ही म्यूजिक टीचर ने उसके साथ अनुचित व्यवहार किया और उसके निजी अंगों को छुआ। घटना के बाद बच्ची काफी डरी हुई थी। हालांकि, घर पहुंचने पर उसने हिम्मत जुटाई और माता-पिता को पूरी बात बता दी। मासूम की जुबानी घटना सुनकर परिजन सकते में आ गए। उन्होंने तत्काल दल्लीराजहरा थाने पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस, आरोपी गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए दल्लीराजहरा पुलिस ने तत्काल जांच और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी म्यूजिक टीचर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी शिक्षक को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।

अभिभावकों ने उठाई सुरक्षा की मांग

इस घटना ने निजी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और वहां कार्यरत शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर अभिभावकों का कहना है कि स्कूलों में बच्चों को सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए, लेकिन ऐसी घटनाएं भरोसे को झकझोर देती हैं। अब लोगों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और कानून के मुताबिक दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। बच्चों की सुरक्षा सिर्फ स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जवाबदेही है। स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।