
सक्ती : जिले के हसौद में जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश के बाद युवक की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस को देखकर तालाब में कूदे युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए सड़क पर मोर्चा खोल दिया। वहीं, मामले में उच्च अधिकारियों को सूचना दिए बिना छापेमारी करना हसौद थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू को भारी पड़ गया। सक्ती एसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच की जिम्मेदारी डभरा एसडीओपी को सौंपी गई है।
पुलिस की दबिश के बाद तालाब में कूदा था युवक
गौरतलब हैं कि रविवार देर रात जुआ खेलने की सूचना पर हसौद पुलिस की टीम गांव में दबिश देने पहुंची थी। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान गांव का रहने वाला महेश राम केंवट पुलिस से बचने के लिए तालाब में कूद गया। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। रातभर उसकी तलाश की गई। आज सुबह तालाब में उसका शव तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौत के बाद परिजनों का आक्रोश, पुलिस पर लगाए मारपीट के आरोप
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने पुलिस पर मृतक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए चक्काजाम कर दिया। इतना ही नहीं, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग भी रखी है। घटना को लेकर गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
बिना सूचना छापेमारी पर एसपी की कार्रवाई
मामले में अब पुलिस विभाग ने भी कार्रवाई की है। उच्च अधिकारियों को सूचना दिए बगैर जुए के फड़ पर दबिश देने के मामले को गंभीरता से लेते हुए सक्ती एसपी ने हसौद थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए डभरा एसडीओपी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। अब जांच में स्पष्ट होगा कि छापेमारी के दौरान क्या परिस्थितियां बनीं और युवक के मौत का जिम्मेदार कौन है।