रायपुर: रायपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसीबी/ईओडब्ल्यू ने निलंबित आईएएस अधिकारी समीर विश्नोई और उनकी पत्नी प्रीति विश्नोई से जुड़ी करोड़ों की बेनामी संपत्तियों को अटैच कर दिया है। विशेष न्यायालय के आदेश पर की गई इस कार्रवाई में करीब 15 से 20 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं। जांच में सामने आया है कि इन संपत्तियों को कथित तौर पर आय से अधिक अर्जित धन के जरिए खरीदा गया था।

जांच एजेंसियों के अनुसार, प्रीति विश्नोई के नाम पर 3 से 4 फर्म बनाकर निवेश किया गया और इन्हीं माध्यमों से विभिन्न स्थानों पर संपत्तियां खरीदी गईं। जब्त संपत्तियों में महासमुंद में करीब 22 एकड़ जमीन, नया रायपुर में प्लॉट, रायपुर के गायत्री नगर स्थित आवास समेत अन्य अचल संपत्तियां शामिल हैं। इसके अलावा रिश्तेदारों के नाम पर भी निवेश कर संपत्तियां जुटाने के संकेत मिले हैं, जिन्हें अब कानूनी प्रक्रिया के तहत अटैच किया गया है।

एसीबी/ईओडब्ल्यू ने यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के दर्ज मामले में की है और मामले की जांच अब भी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि वित्तीय लेनदेन और निवेश के अन्य पहलुओं की भी गहन पड़ताल की जा रही है, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके। इस कार्रवाई को राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है, जहां अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है।