
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में वन्यजीव संरक्षण को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां दुर्लभ प्रजाति की गिलहरी का शिकार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। खास बात यह है कि आरोपी खुद ही अपने अपराध का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर बैठा, जिसने उसे कानून के शिकंजे तक पहुंचा दिया।
वन विभाग की विशेष टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू की और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि वीडियो में संरक्षित प्रजाति मालाबार जायंट स्क्विरल का शिकार करते हुए दृश्य सामने आए थे। यह प्रजाति वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत अत्यंत संरक्षित श्रेणी में आती है, जिसके शिकार पर कड़ी सजा का प्रावधान है।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को वन्यजीव अपराधों पर सख्ती का संकेत माना जा रहा है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें और ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।




