
बिलासपुर। शहर के व्यापार विहार इलाके में नकली सिगरेट के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है, जहां नामी ब्रांड ‘गोल्ड फ्लैक’ के नाम पर डुप्लीकेट सिगरेट बेची जा रही थी। दिल्ली से आई ITC की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अंडरकवर ऑपरेशन चलाते हुए ग्राहक बनकर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान एक थोक सप्लायर के पास से करीब 5 लाख रुपये की नकली सिगरेट जब्त की गई, जो शहर के अलग-अलग दुकानों में सप्लाई की जा रही थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था और रोजाना बड़ी मात्रा में नकली सिगरेट बाजार में खपा रहा था। टीम ने पहले शहर के पान ठेलों और दुकानों से सैंपल इकट्ठा कर उनकी जांच की, जिसमें सिगरेट नकली पाई गई। इसके बाद सप्लाई चेन का पता लगाते हुए टीम आरोपी तक पहुंची, जिसने खुद थोक में माल उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की।
अंडरकवर ऑपरेशन के तहत टीम ने ग्राहक बनकर संपर्क किया, जिसके बाद उन्हें शहर के एक तय स्थान पर बुलाया गया। वहां पहुंचकर टीम ने दुकान में रखे सिगरेट के पैकेट और स्टिक की बारीकी से जांच की। असली उत्पाद से तुलना करने पर पूरा स्टॉक नकली पाया गया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब्त माल को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए रोजाना लाखों रुपये का अवैध कारोबार किया जा रहा था। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन की कड़ियों को खंगाल रही है।
