•  बिलासपुर के तिफरा ओवरब्रिज पर चलती कार की छत से बाहर निकलकर युवती ने किया खतरनाक स्टंट।
  • सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स के लिए जान हथेली पर रखकर नियमों का खुलेआम मजाक उड़ा रहे युवा।
  •  वीडियो वायरल होने के बाद लगातार उठ रही कार्रवाई की मांग।

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में यातायात नियमों का सरेआम जनाजा निकलने का एक और वीडियो सामने आया है। यहां एक युवती तेज रफ्तार कार के सनरूफ से बाहर निकलकर हवा में करतब दिखाती नजर आ रही है।

लापरवाही का यह पूरा नजारा शहर के व्यस्त तिफरा ओवरब्रिज के पास का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर खुद को मशहूर करने का शौक युवाओं पर इस कदर हावी है कि उन्हें सड़क पर अपनी और दूसरों की जान की कोई परवाह नहीं रह गई है।

 

रील के लिए जान हथेली पर

वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक कार फर्राटे भरते हुए सड़क पर दौड़ रही है। इसी बीच कार के सनरूफ से बाहर निकलकर एक युवती किसी फिल्मी हीरोइन की तरह खतरनाक स्टंट कर रही है।

सड़क पर चल रहे बाकी लोग इस करतब को देखकर हैरान थे। जरा सोचिए, रफ्तार में अचानक एक ब्रेक लग जाता, तो इस स्टंटबाजी का अंजाम क्या होता? यह लापरवाही न सिर्फ युवती के लिए बल्कि राहगीरों के लिए भी मौत का बुलावा थी।

हवा-हवाई साबित हुए पुलिस के दावे

बिलासपुर पुलिस इन दिनों स्टंटबाजों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने और चालान काटने का दावा करती है। लेकिन शहर के मुख्य ओवरब्रिज पर बेखौफ होकर रील बनाना इन पुलिसिया दावों की पोल खोल रहा है।

आए दिन सोशल मीडिया पर सामने आ रहे ऐसे वीडियो पुलिस को सीधे चुनौती दे रहे हैं। अब यह वीडियो वायरल होने के बाद लोग व्यवस्था पर तीखा तंज कस रहे हैं और आरोपियों पर सख्त एक्शन की मांग कर रहे हैं।

क्या अब कटेगा भारी-भरकम चालान?

इस वायरल क्लिप ने साबित कर दिया है कि रीलबाजों में अब कानून और पुलिस का कोई खौफ नहीं बचा है। सोशल मीडिया पर आम लोग इस कृत्य को महज पागलपन और सस्ती लोकप्रियता बता रहे हैं।