
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है, जहां नाइजीरिया से कोकीन की सप्लाई का संगठित रैकेट संचालित किया जा रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि तस्कर बेहद शातिर तरीके से ब्लड प्रेशर (BP) मशीन के बॉक्स में ड्रग्स छिपाकर कोरियर के जरिए डिलीवरी करते थे, ताकि सुरक्षा एजेंसियों को भनक तक न लगे।
इस नेटवर्क का पर्दाफाश उस समय हुआ जब देवेंद्र नगर इलाके में एक आरोपी को कोकीन के साथ पकड़ा गया। पूछताछ और तकनीकी जांच में यह स्पष्ट हुआ कि ड्रग्स की सप्लाई दिल्ली से संचालित एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह के माध्यम से हो रही थी। इसके बाद रायपुर पुलिस की टीम ने दिल्ली के तिलक नगर में छापेमारी कर भारतीय आरोपी सन्नी शर्मा और नाइजीरियन नागरिक तोचकू अफामे उर्फ प्रिंस चार्ल्स को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में खुलासा हुआ कि इस पूरे सिंडिकेट का संचालन नाइजीरिया में बैठे एक मास्टरमाइंड द्वारा किया जा रहा था, जबकि भारत में स्थानीय एजेंट बैंक खातों के जरिए लेन-देन और डिलीवरी का काम संभालते थे। आरोपियों के पास से लाखों रुपए कैश, कई मोबाइल फोन और बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जो इस नेटवर्क के व्यापक फैलाव की ओर इशारा करते हैं।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में 90 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जांच जारी है। अधिकारियों का दावा है कि इस कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है, वहीं आगे भी इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।