
रायपुर। राजधानी रायपुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। पंडरी थाना क्षेत्र स्थित बालाजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले थर्ड ईयर के छात्र विनायक सैनी की शुक्रवार रात मौत हो गई। वह मूल रूप से राजस्थान के अजमेर का रहने वाला था। पुलिस को उसके कमरे से फेंटानिल नामक दवा और इंजेक्शन मिलने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती जांच में नशीली दवा के ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
दोस्त के कमरे में मिला छात्र
पुलिस के मुताबिक, विनायक हॉस्टल की चौथी मंजिल पर रहता था। घटना के समय वह अपने एक दोस्त के कमरे में गया था। रात करीब 9 बजे दोस्त खाना खाने के लिए बाहर गया। कुछ देर बाद जब वह कमरे में लौटा तो विनायक बेड पर औंधे मुंह पड़ा मिला। स्थिति देखकर दोस्त ने अन्य साथियों को बुलाया। इसके बाद सभी मिलकर विनायक को इलाज के लिए बालाजी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
कमरे से फेंटानिल और इंजेक्शन बरामद
घटना की सूचना मिलने के बाद पंडरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान कमरे से फेंटानिल दवा और इंजेक्शन मिलने की जानकारी पुलिस ने दी है। यह दवा सामान्य तौर पर अस्पतालों में गंभीर दर्द और एनेस्थीसिया से जुड़ी चिकित्सकीय जरूरतों में विशेषज्ञों की निगरानी में इस्तेमाल की जाती है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दवा छात्र तक कैसे पहुंची और उसने इसका इस्तेमाल किस परिस्थिति में किया। यह भी जांच का विषय है कि छात्र पहले से ऐसी दवाओं का सेवन करता था या घटना वाले दिन ही किसी वजह से इसका इस्तेमाल किया गया।
घटना वाले दिन ही घर से लौटा था
जांच में यह बात भी सामने आई है कि विनायक घटना वाले दिन ही अपने घर से वापस कॉलेज पहुंचा था। जिस दोस्त के कमरे में वह मिला, वह भी करीब दो दिन पहले ही घर से लौटा था। पुलिस फिलहाल घटनाक्रम को संदिग्ध मानकर सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती स्तर पर आत्महत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि बिना पोस्टमार्टम और अन्य जांच के मौत के कारण पर अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मेडिकल रिपोर्ट के साथ घटनास्थल से मिले सामान, दवा और इंजेक्शन की जांच भी की जा रही है। छात्र के दोस्तों और कॉलेज से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विनायक ने फेंटानिल का इस्तेमाल क्यों किया और यह दवा उसे कहां से मिली। मौत की परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।