रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा की समय-सारिणी जारी कर दी है। आयोग के अनुसार मुख्य परीक्षा का आयोजन 6 जून से 9 जून 2026 तक प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी।

जारी कार्यक्रम के अनुसार 6 जून को भाषा एवं निबंध, 7 जून को सामान्य अध्ययन-I और II, 8 जून को सामान्य अध्ययन-III और IV तथा 9 जून को सामान्य अध्ययन-V की परीक्षा होगी। परीक्षा के लिए रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा (अंबिकापुर) और बस्तर (जगदलपुर) में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

आयोग ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 25 मई 2026 से ऑनलाइन उपलब्ध करा दिए गए हैं। उम्मीदवार CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।

CGPSC ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को डाक, SMS या अन्य माध्यम से अलग से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों से परीक्षा से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारी समय रहते वेबसाइट से प्राप्त करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।