रायपुर। चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व 19 मार्च से शुरू होने जा रहा है। इस दौरान छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध शक्तिपीठ डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष व्यवस्था करते हुए डोंगरगढ़ स्टेशन पर 10 अतिरिक्त एक्सप्रेस ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की घोषणा की है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सामान्य दिनों में लंबी दूरी की करीब एक दर्जन ट्रेनें डोंगरगढ़ में रुकती हैं, लेकिन नवरात्रि के दौरान एक्सप्रेस ट्रेनों के कुल ठहराव की संख्या 20 से अधिक हो जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी।
रायपुर तक बढ़ाया गया स्पेशल ट्रेनों का विस्तार
रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दुर्ग–डोंगरगढ़ के बीच चलने वाली दो स्पेशल ट्रेनों का विस्तार रायपुर तक कर दिया है। इस फैसले के बाद अब रायपुर, दुर्ग और आसपास के जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं को सुबह से देर रात तक डोंगरगढ़ के लिए ट्रेन सुविधा उपलब्ध रहेगी। यात्रियों को लगभग हर 2 से 3 घंटे के अंतराल में ट्रेन मिल सकेगी।
नवरात्रि में डोंगरगढ़ में ठहरने वाली प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें
नवरात्रि के दौरान निम्न एक्सप्रेस ट्रेनों का डोंगरगढ़ स्टेशन पर अस्थायी ठहराव रहेगा
- बिलासपुर – भगत की कोठी एक्सप्रेस
- भगत की कोठी – बिलासपुर एक्सप्रेस
- बिलासपुर – बीकानेर एक्सप्रेस
- बीकानेर – बिलासपुर एक्सप्रेस
- बिलासपुर – चेन्नई एक्सप्रेस
- चेन्नई – बिलासपुर एक्सप्रेस
- बिलासपुर – पुणे एक्सप्रेस
- पुणे – बिलासपुर एक्सप्रेस
- रायपुर – सिकंदराबाद एक्सप्रेस
- सिकंदराबाद – रायपुर एक्सप्रेस
इन मेमू ट्रेनों का भी किया गया विस्तार
- 68742 / 68741 गोंदिया – दुर्ग – गोंदिया मेमू पैसेंजर को रायपुर तक विस्तारित किया गया है।
- 68729 / 68730 रायपुर – डोंगरगढ़ – रायपुर मेमू पैसेंजर को गोंदिया तक बढ़ाया गया है।
- 06886 / 06885 डोंगरगढ़ – दुर्ग – डोंगरगढ़ मेमू स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी।
इन अतिरिक्त सेवाओं से नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में काफी राहत मिलेगी।





