
रायपुर : बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के असर से छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में मौसम बिगड़ने की आशंका गहरा गई है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए नारायणपुर, कोंडागांव और दंतेवाड़ा जिले में स्कूलों की छुट्टी को लेकर आदेश जारी किए गए हैं। नारायणपुर में दो दिन, कोंडागांव में एक दिन और दंतेवाड़ा में 27 अक्टूबर को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।
नारायणपुर में दो दिन की छुट्टी, 28 और 29 अक्टूबर को बंद रहेंगे स्कूल
नारायणपुर जिले में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने 28 और 29 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। आदेश के अनुसार, बुधवार और गुरुवार को विद्यार्थियों की कक्षाएं नहीं लगेंगी। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।
कोंडागांव में 28 अक्टूबर को अवकाश
कोंडागांव जिले में भी खराब मौसम की आशंका के मद्देनजर 28 अक्टूबर को स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। जिले के विद्यार्थियों को भारी बारिश के दौरान स्कूल आने-जाने में संभावित परेशानी से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
दंतेवाड़ा में आज बंद रहे स्कूल, शिक्षकों को राहत नहीं
दंतेवाड़ा जिले में 27 अक्टूबर को सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। इसमें शासकीय और अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालय शामिल हैं। हालांकि, यह छुट्टी केवल विद्यार्थियों के लिए है। शिक्षकों पर अवकाश लागू नहीं होगा और उन्हें निर्धारित जिम्मेदारियों का पालन करना होगा।
मौसम की चेतावनी के बीच बच्चों की सुरक्षा पर जोर
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से बस्तर क्षेत्र में भारी बारिश की आशंका ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। तेज बारिश के दौरान जलभराव, फिसलन और आवागमन में बाधा जैसी परिस्थितियां बच्चों के लिए जोखिम पैदा कर सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए संबंधित जिलों में स्कूलों के संचालन को लेकर एहतियाती कदम उठाए गए हैं।


