रायपुर : राजधानी रायपुर में गुटखा कारोबार से जुड़े ठिकाने पर डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (डीजीजीआई) की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद तीन गाड़ियों में पहुंची टीम ने शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम में दबिश दी। यहां बड़ी मात्रा में ‘सितार’ गुटखा मिलने के बाद अधिकारियों ने स्टॉक और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी।

गोदाम में मिले 50 से ज्यादा बोरे, मालिकाना हक की पड़ताल

डीजीजीआई की टीम जब गोदाम पहुंची तो वहां 50 से ज्यादा बोरे सितार गुटखा रखे मिले। इतनी बड़ी मात्रा में गुटखा मिलने के बाद अधिकारियों ने स्टॉक का मिलान शुरू किया। फिलहाल टीम यह पता लगाने में जुटी है कि गोदाम में रखा पूरा माल किसका है और इसकी सप्लाई कहां से की गई थी। कार्रवाई के दौरान गोदाम मालिक और कुछ अन्य लोगों को मौके पर बुलाकर पूछताछ भी की गई। अधिकारियों ने दस्तावेजों के साथ गुटखा स्टॉक की जांच की और पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई।

महाराष्ट्र कनेक्शन की जांच, दुर्ग से रायपुर तक पहुंची कार्रवाई

डीजीजीआई सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के पीछे महाराष्ट्र से मिला इनपुट अहम माना जा रहा है। जांच में सामने आए कारोबारी नेटवर्क में ‘बंटी’ नाम के कारोबारी का जिक्र किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार रायपुर के जिस गोदाम में कार्रवाई हुई, वहां रखा गुटखा इसी कारोबारी से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि माल के वास्तविक मालिकाना हक और कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। सूत्रों के मुताबिक बंटी का दुर्ग में भी पार्टनर है। इसी नेटवर्क से जुड़े ठिकाने पर पहले कार्रवाई हो चुकी है। कारोबारी के महाराष्ट्र कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के कल्याण के पास फैक्ट्री से गुटखा तैयार कर छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मुंबई और उत्तर प्रदेश समेत कई इलाकों में सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

9 दिन पहले दुर्ग में कार्रवाई, मशीनें और 30 बोरे गुटखा हुआ था जब्त

gutakha dukan me dabish 2

रायपुर की कार्रवाई से पहले करीब 9 दिन पहले दुर्ग जिले में सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने कुम्हारी के स्टेशन चौक इलाके में कार्रवाई की थी। टीम को एक फैक्ट्री के अंदर ‘सितार’ कंपनी का गुटखा बनाए जाने की जानकारी मिली थी। जांच के दौरान गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरे गुटखा जब्त किए गए थे।

अब रायपुर में मिले 50 से ज्यादा बोरे गुटखे के बाद जांच की कड़ी को दुर्ग और महाराष्ट्र से जोड़कर देखा जा रहा है। डीजीजीआई की टीम दस्तावेजों, स्टॉक और सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ होगा कि रायपुर के गोदाम में मिला गुटखा किस नेटवर्क का हिस्सा था और इसकी सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी।