चंबा। हिमाचल प्रदेश के Chamba जिले में आज सुबह प्रकृति का खौफनाक रूप देखने को मिला, जब भारी भूस्खलन की चपेट में आकर निर्माणाधीन लोहे का पुल कुछ ही सेकंड में ढह गया। भरमौर उपमंडल के होली क्षेत्र में स्थित यह पुल सीधे रावी नदी में समा गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों की जमीन कमजोर हो चुकी थी। सुबह अचानक तेज गर्जना के साथ पहाड़ का बड़ा हिस्सा दरक गया और भारी मलबा नीचे आ गिरा। देखते ही देखते पुल का पूरा स्ट्रक्चर भरभराकर गिर पड़ा। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय वहां कोई मजदूर या स्थानीय व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पुल अंतिम चरण में था और इसके तैयार होने के बाद आसपास के कई गांवों के लिए आवागमन आसान होने वाला था। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के चलते भूस्खलन की आशंका बनी हुई थी, लेकिन इतनी बड़ी घटना की किसी को उम्मीद नहीं थी।