
जांजगीर-चांपा : 16 दिन पहले मुस्कान प्रधान ने नशे में पहुंचे जिस दूल्हे की बारात लौटाकर पूरे छत्तीसगढ़ में चर्चा का केंद्र बनीं थी l अब उसी दुल्हे से मंदिर में शादी कर मुस्कान ने सबको चौका दिया l
हम बात कर रहे हैं उस मुस्कान की जिसकी शादी 23 जून को ग्राम खोखरा निवासी संत कुमार से होनी थी , लेकिन मुस्कान ने यह कह कर अपनी बारात वापस लौटा दी थी कि दुल्हे ने शराब पी रखी हैं l उस समय मुस्कान ने कहा था कि जो व्यक्ति अपनी शादी के दिन खुद पर नियंत्रण नहीं रख सकता, वह जीवनभर उसकी जिम्मेदारी कैसे निभाएगा l लेकिन अब उसे ही अपना जीवनसाथी बना लिया l
बताया जा रहा हैं कि 23 जून को शादी टूटने के बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही। इस दौरान कई गलतफहमियां दूर हुईं और दोनों ने आपसी सहमति से दोबारा साथ रहने का फैसला लिया। इसके बाद गुरुवार की सुबह मुस्कान प्रधान अपने गांव कोसमंदा से महिला परिवार परामर्श केंद्र पहुंची थीं। दोपहर को वहां से निकलने के बाद वह सीधे खोखरा गांव पहुंचीं, जहां संत कुमार और उनके परिजन पहले से मौजूद थे। दोनों ने मनका दाई मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में पूरी कीं और एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार कर लिया। सूत्रों के अनुसार, लड़के के परिवार को इस विवाह की जानकारी पहले से थी, जबकि लड़की के परिजनों को इसकी सूचना बाद में मिली।
जब शाम तक मुस्कान घर नहीं लौटीं और उनका मोबाइल भी बंद मिला, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और साइबर टीम ने उनकी लोकेशन तलाशनी शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मुस्कान खोखरा गांव में संत कुमार के घर पर मौजूद हैं।
सूचना मिलते ही चांपा सीएसपी योगिता खपड़े पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने दोनों से अलग-अलग बातचीत की। अधिकारियों के अनुसार, मुस्कान ने स्पष्ट रूप से बताया कि उन्होंने अपनी इच्छा से संत कुमार के साथ विवाह किया है और उनके साथ रहना चाहती हैं। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर मामला समाप्त कर दिया।
मुस्कान और संत कुमार का कहना है कि शादी टूटने के बाद दोनों लगातार संपर्क में रहे। बातचीत के दौरान उन्होंने पूरे घटनाक्रम पर चर्चा की और आपसी मतभेद दूर किए। इसके बाद दोनों इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि वे अपना रिश्ता एक और मौका देना चाहते हैं।
संत कुमार का दावा है कि शादी वाले दिन उन्होंने शराब नहीं पी थी। उनके अनुसार, किसी ने उनकी कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया था, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और लोगों को लगा कि वे नशे में हैं। हालांकि, इस दावे की अब तक किसी जांच एजेंसी या प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बता दे कि जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने मुस्कान को सम्मानित भी किया था। बाद में उन्हें महिला परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर के रूप में भी जिम्मेदारी दी गई।