
बिलासपुर : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 520 नग प्रतिबंधित कफ सिरप ऑनरेक्स बरामद किया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कफ सिरप के अलावा एक कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बरामद कफ सिरप की कीमत करीब 1 लाख 4 हजार 780 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कार से प्रतिबंधित कफ सिरप लेकर कुछ लोग बिरकोना रोड की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर सरकंडा पुलिस की टीम ने बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी कर काले रंग की कार क्रमांक सीजी 04 क्यूडी 9753 को रोका। तलाशी लेने पर कार की डिक्की से 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद हुआ। इसका कुल वजन 85.02 किलोग्राम बताया गया है।
पूछताछ में सामने आए दो और नाम
पुलिस ने कार में सवार कोटा थाना ग्राम भुंडा निवासी मिथुन बघेल (28) और गनियारी बाजारपारा निवासी अमन कुमार चौबे (26) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों कफ सिरप के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ के दौरान इस मामले में पुलिस के सामने राजा भोई और नीरज पटेल के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों फरार हैं और कफ सिरप उपलब्ध कराने वालों की तलाश की जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
सरकंडा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया जा रहा है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य की टीम ने की।