श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़े आतंकी षड्यंत्र को विफल करते हुए Lashkar-e-Taiba के अंतरराज्यीय मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में कुख्यात आतंकी अबु हुरैरा उर्फ अब्दुल्ला समेत पांच आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह नेटवर्क देश के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर हमलों की योजना बना रहा था।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह ऑपरेशन एक व्यापक एंटी-टेरर अभियान का हिस्सा था, जिसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली समेत कई राज्यों में एक साथ छापेमारी की। कुल 19 स्थानों पर कार्रवाई के बाद इस मॉड्यूल की परतें खुलीं और संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी अबु हुरैरा पिछले करीब 16 वर्षों से सुरक्षा एजेंसियों को चकमा दे रहा था और देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय था। उसके साथ उस्मान उर्फ खुबैब भी इस नेटवर्क का अहम हिस्सा था। दोनों मिलकर आतंकी हमलों के साथ-साथ जासूसी नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश में थे।

पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में हथियार और संदिग्ध सामग्री भी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी दी, जिसके आधार पर श्रीनगर में छिपे तीन स्थानीय आतंकियों को भी गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा कुछ अन्य संदिग्धों और सहयोगियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह मॉड्यूल देशभर में सिलसिलेवार हमलों की तैयारी कर रहा था, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया। फिलहाल, जांच एजेंसियां इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन, फंडिंग और अन्य सहयोगियों की पहचान में जुटी हैं। इस बड़ी कार्रवाई को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से अहम सफलता माना जा रहा है।