महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भंवरपुर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल सहित कुल 1.36 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त की है।

जानकारी के मुताबिक, संतपाली मार्ग के पास एक सुनसान स्थान पर नीम पेड़ के नीचे ताश के पत्तों से जुआ खेला जा रहा था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान फड़ से नकदी के साथ कई मोबाइल और वाहन बरामद किए गए, जो जुए के संचालन में इस्तेमाल हो रहे थे।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।