गरियाबंद : मड़ई मेले से एक गंभीर मामला सामने आया हैं l जहा मामूली सी धक्का मुक्की में एक युवक की जान चली गई l  मैनपुर मड़ई मेले में मामूली धक्का-मुक्की से शुरू हुआ विवाद एक युवक की जान लेने तक पहुंच गया। इस मामले में गरियाबंद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर हत्या के आरोप में न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

पुलिस ने बताया कि 3 जुलाई 2026 को जिला अस्पताल गरियाबंद से सूचना मिली कि मैनपुर निवासी 28 वर्षीय आकाश कश्यप की उपचार के दौरान मौत हो गई है। प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर दिया और घटना थाना मैनपुर क्षेत्र की होने के कारण जांच डायरी मैनपुर थाना भेजी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार उके एवं एसडीओपी ओमप्रकाश कुजूर के पर्यवेक्षण में थाना मैनपुर पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू की। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सात संदेहियों से पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 1 जुलाई 2026 को सभी मैनपुर मड़ई मेला देखने पहुंचे थे। मेले में भीड़ के दौरान हुई धक्का-मुक्की को लेकर विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपियों ने आकाश कश्यप पर डंडों तथा हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे मैनपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल गरियाबंद रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जांच में स्पष्ट हुआ कि मारपीट के दौरान लगी गंभीर चोटों के कारण ही आकाश कश्यप की मृत्यु हुई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने छह आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पूरी कार्रवाई में थाना मैनपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।