
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। मसपुर-गुडरापाल जंगल क्षेत्र में चलाए गए विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया है। बरामद सामग्री में बीजीएल लॉन्चर, बीजीएल गन, 12 बोर राइफल और बड़ी संख्या में कारतूस शामिल हैं।
पुलिस और बीएसएफ की 133वीं वाहिनी की संयुक्त टीम द्वारा कैंप मसपुर के आसपास के वन क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जवानों को जंगल के भीतर एक संदिग्ध स्थान दिखाई दिया। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए क्षेत्र की घेराबंदी की गई और सावधानीपूर्वक तलाशी लेने पर वहां छिपाकर रखे गए हथियार और अन्य सामग्री बरामद की गई।
सुरक्षा बलों ने मौके से एक देसी बीजीएल लॉन्चर, सात बीजीएल गन, एक 12 बोर राइफल, 37 राउंड कारतूस, 15 मीटर वायर और पांच पोच जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नक्सलियों ने इन हथियारों और संसाधनों को भविष्य में उपयोग के लिए जंगल में छिपाकर रखा था।
अधिकारियों के अनुसार, लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियानों की वजह से नक्सलियों के छिपे हुए ठिकानों और हथियारों का पता लगाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां बरामद सामग्री के स्रोत और इससे जुड़े नक्सली नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
गौरतलब है कि 31 मार्च 2026 को नारायणपुर जिले को नक्सलमुक्त घोषित किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा बलों द्वारा दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जंगलों में पूर्व में छिपाए गए हथियारों, विस्फोटकों और अन्य नक्सली संसाधनों की बरामदगी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।