नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित विवादित टिप्पणी के बाद सुर्खियों में आईं रुचिका सिंह का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अपने बयान पर खेद व्यक्त करते हुए देशवासियों से माफी मांगती नजर आ रही हैं। वीडियो में रुचिका सिंह कहती हैं कि उनसे गंभीर गलती हुई है और उन्हें अपने शब्दों पर पछावा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उन्हें माफ कर दिया जाए और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी।

वीडियो में क्या कहा?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रुचिका सिंह कहती हैं कि उनका बयान गलत था और वह उसे लेकर शर्मिंदा हैं। उन्होंने कहा कि यह उनकी "पहली और आखिरी गलती" थी और वह पूरे देश से हाथ जोड़कर माफी मांगती हैं। वीडियो में वह लोगों से उन्हें एक मौका देने की अपील भी करती दिखाई देती हैं।

उम्र को लेकर सामने आए अलग-अलग दावे
मामले में रुचिका सिंह की उम्र को लेकर भी अलग-अलग जानकारियां सामने आई हैं। वायरल वीडियो में रुचिका खुद को 15 वर्ष की बताती हैं। वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दर्ज एफआईआर में उनकी उम्र 25 वर्ष बताई गई है। उनकी वास्तविक उम्र को लेकर किसी सक्षम प्राधिकारी की ओर से आधिकारिक पुष्टि सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है।

नोएडा पुलिस में दर्ज है मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित विवादित टिप्पणी को लेकर नोएडा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। जांच जारी है और पुलिस ने मामले पर विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

सैलून ट्रेनिंग को लेकर भी सामने आए दावे
इस बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि रुचिका सिंह ने नोएडा के एक सैलून में नेल आर्ट ट्रेनिंग के लिए आवेदन किया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने वहां अलग नाम से आवेदन किया था और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने के कारण कुछ दिनों बाद ट्रेनिंग छोड़ दी थी। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जांच और आधिकारिक जानकारी का इंतजार
रुचिका सिंह के माफी वाले वीडियो के सामने आने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है। हालांकि, उम्र, पहचान और अन्य दावों को लेकर कई बातें अभी जांच के दायरे में हैं। ऐसे में मामले की पूरी तस्वीर पुलिस जांच और संबंधित अधिकारियों की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी।