बिलासपुर : तारबाहर थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर एक युवक से मारपीट कर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही तारबाहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।

शराब के लिए मांगे पैसे, मना करने पर विवाद

पुलिस के अनुसार पीड़ित संतोष ध्रुव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने घर के बाहर मौजूद था। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला अनिकेश साहू (निक्की) वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ में रखे चाकू जैसे धारदार हथियार से पीड़ित पर हमला कर दिया।

रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने शुरू की तलाश

घटना की रिपोर्ट पर तारबाहर पुलिस ने अपराध क्रमांक 298/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस को देखकर भागा, घेराबंदी कर पकड़ा

विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी की मौजूदगी की जानकारी मिली। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान तारबाहर स्थित डीपूपारा निवासी अनिकेश साहू (24 वर्ष) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक चाकू बरामद किया गया।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, सहायक उपनिरीक्षक संजय शर्मा, आरक्षक महेन्द्र सोनकर, नुरूल कादिर, रूपलाल चंद्रा और आरक्षक भागीरथी गेदले का सराहनीय योगदान रहा।