महासमुंद : जिले के बसना विकासखंड के मुड़ीडीह स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में एक दर्दनाक हादसे में कक्षा चौथी के 10 वर्षीय छात्र तरुण चौहान की मौत हो गई। स्कूल परिसर में पेड़ से बंधी रस्सी पर झूला झूलते समय तरुण का गला फंस गया। घटना के वक्त स्कूल में जिम्मेदार शिक्षकों की मौजूदगी में घटना होना एक गंभीर लापरवाही उजागर करती हैं। प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी बी एल देवांगन ने प्रधानपाठक रघुनाथ चौधरी और सहायक शिक्षक (एलबी) गुणितराम चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

स्कूल खुलने से पहले पहुंचा मासूम, झूला झूलते ही थम गई सांसें

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 16 अक्टूबर को तरुण सुबह करीब 9:30 बजे ही स्कूल पहुंच गया था। बताया जा रहा है कि स्कूल की सहायिका सुबह करीब 9:30 बजे परिसर खोलकर चली गई थी। इसी दौरान स्कूल परिसर में एक पेड़ से बंधी रस्सी पर करीब नौ बच्चे खेल रहे थे। बच्चे पेड़ पर चढ़कर झूला झूल रहे थे। इसी बीच तरुण का गला रस्सी में फंस गया। तरुण को मुसीबत में देखकर दूसरे बच्चे घबरा गए और शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर लग रहे गंभीर आरोप

घटना ने स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर आरोप लग रहे हैं। प्राथमिक जांच में सामने आई परिस्थितियों के अनुसार, हादसे के समय बच्चों की देखरेख के लिए जिम्मेदार शिक्षक मौजूद नहीं थे। स्कूल परिसर में पेड़ से बंधी रस्सी पर बच्चों का खेलना और उनकी निगरानी नहीं होना मामले को और गंभीर बनाता है। घटना के बाद ग्रामीणों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

जांच रिपोर्ट के आधार पर दो शिक्षक निलंबित

ladka fansi me jhula latter

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी बी एल देवांगन ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बसना से प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर कार्रवाई की। जारी आदेश में उल्लेख है कि 16 अक्टूबर को शासकीय प्राथमिक शाला मुड़ीडीह में स्कूल परिसर स्थित पेड़ से बंधे झूले की रस्सी में खेलते समय कक्षा चौथी के छात्र की दुर्घटना में मृत्यु हुई। आदेश में प्रधानपाठक रघुनाथ चौधरी और सहायक शिक्षक (एलबी) गुणितराम चौधरी को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बसना निर्धारित किया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

घटना की सूचना मिलने पर भंवरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। छात्र के शव को बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।