
गाजियाबाद। खोड़ा क्षेत्र में चर्चित सूर्या हत्याकांड के बाद पुलिस और प्रशासन लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। कानून-व्यवस्था और सत्यापन अभियान के तहत आज प्रशासन ने क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित तीन मदरसों को सील कर दिया है। इसके अलावा कई अन्य संस्थानों को नोटिस जारी किए गए, जबकि कुछ स्थानों के बिजली कनेक्शन भी काट दिए गए।
सत्यापन अभियान हुआ तेज
घटना के बाद गाजियाबाद पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से जिलेभर में सत्यापन अभियान शुरू किया है। अधिकारियों के अनुसार अब तक 1600 से अधिक लोगों का सत्यापन किया जा चुका है। साथ ही विभिन्न थानों में दर्ज अपराधियों की निगरानी बढ़ा दी गई है और उन्हें नियमित रूप से थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। साहिबाबाद थाना क्षेत्र में करीब 120 चिन्हित अपराधियों को बुलाकर भविष्य में किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल न होने की शपथ दिलाई है।
खोड़ा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
खोड़ा इलाके में अभी भी भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
आरोपी के मकान पर नोटिस
प्रशासन ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के परिवार के मकान पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने मकान पर नोटिस चस्पा कर 15 दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है। प्रशासन का कहना है कि भूमि संबंधी दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित परिवार को सहायता
प्रशासन की ओर से मृतक सूर्या के परिजनों को आर्थिक सहायता के रूप में 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया है। वहीं विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि भी परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
जांच और कार्रवाई जारी
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और कानून के दायरे में रहकर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।