IMG_20260901_092215बिलासपुर/नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जल्द ही नए मुख्य न्यायाधीश कार्यभार संभालने वाले हैं। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने मौजूदा चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा के रिटायरमेंट को देखते हुए बड़ा कदम उठाया है। 4 सितंबर 2026 को उनके पदमुक्त होने के बाद, ओडिशा हाईकोर्ट में पदस्थ जज जस्टिस कृष्ण राम महापात्र बिलासपुर में यह कुर्सी संभालेंगे। बीते 6 अगस्त 2026 को हुई कॉलेजियम की बैठक में उनके नाम पर अंतिम मुहर लगी। अब केवल केंद्र सरकार की प्रक्रिया पूरी होने और राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने का इंतजार है। इसके बाद नोटिफिकेशन जारी होते ही वे अपना प्रभार ले लेंगे।

IMG_20260901_093152

राजस्थान हाईकोर्ट में भारी बवाल, कार्यवाहक सीजे ने काम से किया किनारा

कॉलेजियम के इन फैसलों के पीछे सबसे बड़ी वजह राजस्थान हाईकोर्ट में मचा घमासान है। वहां की जयपुर और जोधपुर दोनों बेंचों के वकीलों ने कार्यवाहक चीफ जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस संदीप मेहता ने खुद CJI सूर्यकांत को लंबी चिट्ठी लिखकर कार्यवाहक सीजे को फौरन हटाने की मांग रख दी।

जस्टिस मेहता ने मामलों की लिस्टिंग और प्रशासनिक शक्तियों के मनमाने इस्तेमाल को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। वकीलों के लगातार उग्र विरोध को देखते हुए जस्टिस शर्मा बैकफुट पर आ गए। उन्होंने रविवार को खुद को हर तरह के न्यायिक कामकाज से पूरी तरह अलग कर लिया। पहली सितंबर से 5 सितंबर तक जारी नए रोस्टर में उनके लिए नियमित न्यायिक बैठकों का कोई भी प्रावधान नहीं रखा गया है। उनकी बेंच में लगे तमाम मामले अब अन्य बेंचों को सौंप दिए गए हैं।

जस्टिस संजय के. अग्रवाल जाएंगे राजस्थान

इसी भारी गहमागहमी के बीच 31 अगस्त की बैठक में कॉलेजियम ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के जज जस्टिस संजय के. अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का नया चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश भेज दी है। हालात की नजाकत देखते हुए प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि अगर नियुक्ति प्रक्रिया में किसी तरह की देरी होती है, तो उन्हें तुरंत राजस्थान ट्रांसफर कर सीनियर जज के तौर पर कार्यभार सौंप दिया जाए, ताकि वहां चल रहे हंगामे को शांत किया जा सके।

जस्टिस अग्रवाल पहले छत्तीसगढ़ के एडवोकेट जनरल की कुर्सी संभाल चुके हैं। इसके बाद वे सितंबर 2013 में अपर जज बने, फिर मार्च 2016 में उन्हें स्थायी जज की बड़ी जिम्मेदारी मिली।

31 अगस्त की बैठक में तीन बड़े फैसले

कॉलेजियम ने 31 अगस्त 2026 की बैठक में कुल तीन अलग-अलग राज्यों के हाईकोर्ट के लिए नामों की सिफारिशें तय की हैं:

 * जस्टिस संजय के. अग्रवाल (CG हाईकोर्ट): राजस्थान हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस पद के लिए प्रस्तावित।

 * जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे (गुजरात हाईकोर्ट): मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस बनेंगे।

 * जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी (राजस्थान हाईकोर्ट): इन्हें जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इन सभी मामलों में अब निगाहें केंद्र सरकार और राष्ट्रपति भवन की ओर टिक गई हैं, जहां से हरी झंडी मिलते ही नियुक्तियां पूरी तरह से आधिकारिक  रूप ले लेंगी।