
कोरबा : बेहतर जिंदगी और सुरक्षित आशियाने की उम्मीद में अपना गांव छोड़ने वाले ग्रामीण आज बुनियादी सुविधाओं के लिए भी तरस रहे हैं। विस्थापन और पुनर्वास की इसी पीड़ा को लेकर कोरबा में सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। चंद्रनगर और जटराज के विस्थापित परिवारों ने अपनी मांगों को लेकर ऐसी अनोखी विरोध यात्रा निकाली, जिसने हर किसी का ध्यान खींचा। न्याय की गुहार लगाने ग्रामीण सड़क पर दंडवत लेटते हुए घंटाघर से कलेक्ट्रेट तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की।
तीन दिन में गांव कराया खाली, फिर छह जगहों पर बिखेर दिए परिवार
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का आरोप है कि एसईसीएल प्रबंधन ने उन्हें महज तीन दिनों के भीतर अपना गांव खाली करने के लिए मजबूर कर दिया। गांव छोड़ने के बाद उम्मीद थी कि सभी परिवारों को एक व्यवस्थित पुनर्वास स्थल पर बसाया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ग्रामीणों के अनुसार विस्थापित परिवारों को एक साथ बसाने के बजाय छह अलग-अलग स्थानों पर बिखेर दिया गया। इससे न केवल परिवारों का आपसी जुड़ाव प्रभावित हुआ, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी भी मुश्किल हो गई।
पुनर्वास के नाम पर मिला उजड़ा आशियाना, मूलभूत सुविधाएं भी नदारद
ग्रामीणों का कहना है कि जिस पुनर्वास स्थल पर उन्हें बेहतर जीवन देने का भरोसा दिलाया गया था, वहां आज तक बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। सड़क, पीने का पानी और शौचालय जैसी जरूरी व्यवस्थाओं का अभाव है। कई परिवारों की झोपड़ियां तक टूट चुकी हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों को खुले में शौच करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
दंडवत यात्रा से प्रशासन को बताई अपनी पीड़ा
अपनी समस्याओं को लेकर लंबे समय से परेशान विस्थापित परिवारों ने इस बार विरोध का अलग तरीका चुना। ग्रामीण सड़क पर दंडवत होकर घंटाघर से कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनका यह प्रदर्शन केवल विरोध नहीं, बल्कि पुनर्वास के नाम पर झेलनी पड़ रही परेशानियों और न्याय की मांग को सामने लाने की कोशिश थी। ग्रामीणों ने साफ किया कि उन्हें सिर्फ गांव से हटाकर कहीं और बसा देना पुनर्वास नहीं है, बल्कि सम्मानजनक जीवन के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी प्रबंधन की जिम्मेदारी है।
एसईसीएल: सम्मानजनक पुनर्वास हमारी प्राथमिकता
ग्रामीणों के आरोपों और प्रदर्शन पर एसईसीएल के पीआरओ डॉ सनीश चंद्र ने कहा कि स्थानीय ग्रामीण और विस्थापित परिवार एसईसीएल के महत्वपूर्ण हितधारक हैं। उनका सम्मानजनक पुनर्वास प्रबंधन की प्राथमिकता है। पुनर्वास गांवों को आदर्श स्वरूप में विकसित किया जा रहा है, जहां सड़क, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था शामिल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को किसी तरह की समस्या है तो संवाद और आपसी समन्वय के जरिए उसका समाधान किया जाएगा। प्रबंधन ने ग्रामीणों से अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रखने और पुनर्वास प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील भी की है।
