
बिलासपुर : तोरवा थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आदतन बदमाश को गिरफ्तार किया है। वहीं मामूली विवाद के बाद चाकू से हमला करने के मामले में तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पहली कार्रवाई में पुलिस को 1 सितंबर को पेट्रोलिंग और अड्डाबाजी चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि देवरीखुर्द स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान निलेश उर्फ छोटू गंगोत्री (24) निवासी अटल आवास, देवरीखुर्द के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 473/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की गई। पूछताछ और कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मामूली विवाद के बाद चाकू से हमला
इसी तरह तोरवा पुलिस ने बुधवारी बाजार के पास हुई चाकूबाजी की घटना में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 30 अगस्त की बताई गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बुधवारी बाजार के पास एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किया गया है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तोरवा बापूनगर निवासी घायल राकेश करिहारे को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल के पुत्र राज करिहारे की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल नवल उर्फ अरूण यादव (24), सौरभ उर्फ नंगू परिहार (20) और राहुल चौहान (29) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 469/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 181/1, 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। तीनों आरोपियों को 1 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
तोरवा पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और सार्वजनिक स्थानों पर चाकू या अन्य हथियार लेकर घूमने तथा लोगों में भय पैदा करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।