
अंबाला। हरियाणा के अंबाला जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शाहपुर क्षेत्र के धन्यौडा गांव में साढ़े तीन साल का मासूम निर्भय खेलते-खेलते करीब 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निर्भय अपने चाचा के साथ खेत गया था, जहां धान की रोपाई का काम चल रहा था। इसी दौरान चाचा काम में व्यस्त हो गए और बच्चा खेलते-खेलते खेत में मौजूद एक खुले बोरवेल के पास पहुंच गया। बताया जा रहा है कि बोरवेल बंद पड़ा था, लेकिन उसे ढका नहीं गया था। इसी कारण मासूम उसमें गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा। इसके बाद बचाव अभियान के लिए आवश्यक मशीनरी मंगाई गई। NDRF की टीम और सेना के जवान भी रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल हो गए हैं। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और बच्चे तक जल्द से जल्द पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल, राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है।