
बिलासपुर : ग्रामीण इलाकों में दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। कोटा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कोरबा जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बिलासपुर जिले के नौ और कोरबा के पाली थाना क्षेत्र के एक मामले सहित कुल 10 चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, 1 लाख 30 हजार रुपये नकद और गुल्लक के 1, हजार 2 सौ 50 रुपये बरामद किए गए हैं। चोरी की रकम से खरीदी गई क्रेटा कार और बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले गांवों में सूने मकानों की तलाश करते थे और मौका मिलते ही ताला तोड़कर जेवरात व नकदी लेकर फरार हो जाते थे।
खेतों में जाते थे ग्रामीण, पीछे से मकानों पर धावा
पुलिस ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से कोटा, रतनपुर, बिल्हा, पचपेड़ी और बेलगहना सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दिन के समय चोरी की घटनाएं सामने आ रही थी। आरोपी उस समय वारदात को अंजाम देते थे, जब ग्रामीण खेती-किसानी या दूसरे कामों से घर से बाहर रहते थे। सूने मकान और बाहर लटका ताला देखकर आरोपी निशाना तय करते थे। इसके बाद ताला तोड़कर आलमारी, पेटी और अन्य जगहों पर रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी कर लेते थे।
सीसीटीवी फुटेज और पुराने रिकॉर्ड से मिला सुराग
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर कोटा थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, एसीसीयू नोडल अधिकारी सीएसपी सुदीप सरकार और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र तक पहुंची, जहां से तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
चोरी की रकम से खरीदी क्रेटा और बुलेट
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जिला कोरबा ग्राम मानिकपुर डिपरपारा निवासी विनोद कुमार वासुदेव (33), भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी (43) और राज प्रजापति उर्फ लल्लू (19) के रूप में हुई है। विनोद ने चोरी की रकम से क्रेटा कार खरीदी और उसकी किस्तें चुकाई। वहीं राज प्रजापति ने चोरी के पैसों से अपने चाचा के नाम पर बुलेट मोटरसाइकिल खरीदी थी। जांच में चोरी की रकम से संपत्ति खरीदने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने क्रेटा कार और बुलेट को जब्त कर लिया। इसके अलावा एक होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
6 लाख के जेवरात और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का मंगलसूत्र, सोने के लॉकेट व अन्य आभूषण, 10 जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की अंगूठियां, बिछिया, करधन, बच्चों के जेवर और अन्य चांदी के सामान बरामद किए हैं। बरामद सोने-चांदी के जेवरात की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 1.30 लाख रुपये नकद और गुल्लक के 1,250 रुपये भी जब्त किए गए हैं।
जांजगीर में पहले भी दर्ज हैं 19 मामले
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी पहले भी जांजगीर जिले में वर्ष 2022-23 के दौरान दिन में चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके खिलाफ वहां 19 प्रकरण दर्ज होने की जानकारी दी गई है। वे मामले विचाराधीन बताए गए हैं। फिलहाल तीनों आरोपियों को बिलासपुर जिले के नौ और कोरबा के पाली थाना क्षेत्र के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और संपत्ति की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में कोटा थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, उप निरीक्षक दिलीप साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, उमाशंकर राठौर तथा एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
