
बिलासपुर में जेपी नर्सिंग होम की संचालक और पीड़िता पति पर दर्ज है केस, दोनों आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर...
बिलासपुर। गर्भवती महिला का कथित तौर पर बिना सहमति गर्भपात कराने के मामले में जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. उज्वला कराड़े को हाईकोर्ट से फिलहाल राहत नहीं मिली है। सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए डॉ उज्वला ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी। जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया है।
अदालत से राहत नहीं, दोनों आरोपी अब भी बाहर...
याचिका खारिज होने के बावजूद डॉ. उज्वला कराड़े और पीड़िता के पति सुयश अग्रवाल फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं। मामले में दोनों के खिलाफ सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।
तलाक की प्रक्रिया में अड़चन की आशंका का आरोप...
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह तीन महीने की गर्भवती थी। आरोप है कि उसका पति सुयश अग्रवाल तलाक लेना चाहता था। उसे आशंका थी कि बच्चे के जन्म के बाद तलाक की प्रक्रिया में परेशानी आ सकती है। शिकायत के अनुसार, इसी मंशा से उसने डॉक्टर के साथ मिलकर महिला की सहमति के बिना गर्भपात करा दिया।
बीएनएस की दो धाराओं में एफआईआर, पुलिस कर रही है जांच..
पीड़िता की शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस ने पति और हॉस्पिटल संचालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 89 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल मामले की पड़ताल में जुटी है।