
केंद्र की जांच में खुलासा • 18 सरकारी गोदामों के 72 सैंपल फेल
72 स्टैक में 1.16 लाख क्विंटल चावल, कीमत 39.66 करोड़ रुपए
रायपुर। छत्तीसगढ़ के 18 सरकारी गोदामों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के लिए रखा गया करीब 39.66 करोड़ रुपए का चावल केंद्र सरकार की जांच में अमानक पाया गया है। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग की केंद्रीय टीम ने 19 मार्च से 4 अप्रैल 2024 के बीच इन गोदामों की जांच की थी। जांच में लिए गए 118 सैंपल में से 72 (61%) निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसके बावजूद क्वालिटी इंस्पेक्टरों ने कीड़े लगे और मिलावटी चावल को पीडीएस में वितरण के लिए पास कर दिया।
72 स्टैक में 1.16 लाख क्विंटल चावल, एफआईआर एक पर भी नहीं
केंद्रीय टीम की रिपोर्ट के अनुसार, अमानक पाए गए 72 स्टैकों में करीब 1 लाख 16 हजार 640 क्विंटल चावल होने का अनुमान है। यह गणना प्रति स्टैक 1,620 क्विंटल के आधार पर की गई है। 34 रुपए प्रति किलो की सरकारी खरीदी दर से इस चावल की कीमत 39.66 करोड़ रुपए होती है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले के ढाई साल बाद भी कार्रवाई केवल 9 प्लेसमेंट क्वालिटी इंस्पेक्टरों को ब्लैकलिस्ट करने तक सीमित है। इनमें से 5 कर्मचारी 2026 में सिस्टम का हिस्सा ही नहीं थे। इस प्रकरण में अब तक किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। इन कर्मियों को नियुक्त करने वाली प्लेसमेंट एजेंसी 'कॉल मी सर्विसेज' से भी जवाब नहीं मांगा गया है। गोदामों की निगरानी करने वाले नियमित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय नहीं की गई है।
ढाई साल दबी रहीं फाइलें, बाहरी राज्यों के बोरे मिले
जांच रिपोर्ट के बाद राज्य के खाद्य विभाग ने 10 मई 2024 को संयुक्त जांच टीम बनाने, दोषियों पर कार्रवाई करने और अमानक चावल बदलवाने के निर्देश दिए थे। हालांकि, ढाई साल तक फाइलें दबी रहीं। जांच में सामने आया कि चावल की गुणवत्ता जांचकर लॉट पास या फेल करने का जिम्मा नियमित कर्मचारियों के बजाय प्लेसमेंट कर्मियों के पास था। केंद्रीय टीम को गोदामों में बाहरी राज्यों के पुराने बोरे, दोहरी छपाई और अलग-अलग लॉट के निशान मिले, जिससे चावल की रीसाइक्लिंग की आशंका जताई गई है।
18 गोदामों में कीड़े, मिलावट और अधूरे रिकॉर्ड
केंद्रीय टीम को कई गोदामों के स्टैकों में कीड़े, घुन, दाल, गेहूं और चने की मिलावट मिली। कई जगह बोरों पर तंबाकू व गुटखा थूकने के निशान और छत से रिसाव भी पाया गया।
- बैकुंठपुर (14 में से 11 सैंपल फेल): एफआरके व नमी जांच के प्रमाणपत्र गायब मिले, नियमित निरीक्षण नहीं हुआ।
- श्यामपुर, सूरजपुर (8 में से 7 सैंपल फेल): जाली, शौचालय और मिलवार भंडारण नहीं था। वेंटिलेटर टूटे मिले।
- कोरबा (पांचों सैंपल फेल): बोरियों पर अलग-अलग मिलों व लॉट के निशान मिले।
- पेंड्रा रोड (12 में से 5 सैंपल फेल): मिलवार भंडारण नहीं। एफआरके बैच व नमी जांच के प्रमाणपत्र गायब।
- खरसिया (10 में से 5 सैंपल फेल): एक ही लॉट का चावल दो स्टैकों में मिला। कीड़े, रिसाव व तंबाकू के निशान पाए गए।
- बगीचा (6 में से 4 सैंपल फेल): एफआरके का प्रतिशत दर्ज नहीं था। बिना पूरी जांच के चावल का वर्गीकरण किया गया।
- जगतारा-4, बालोद (9 में से 3 सैंपल फेल): कीटों का प्रकोप व घुन लगे दाने मिले। कीटनाशक का उपयोग नहीं हुआ।
- मनेंद्रगढ़ (9 में से 3 सैंपल फेल): फोर्टिफाइड व सामान्य चावल मिक्स मिला। गंदगी और बाहरी राज्यों के बोरे मिले।
- राजपुर (5 में से 3 सैंपल फेल): बोरों पर लॉट नंबर नहीं, पुराने रिकॉर्ड गायब और मंजूरी से पहले भंडारण।
- महासमुंद (4 में से 3 सैंपल फेल): मिलवार स्टैकिंग नहीं, चावल में कीट मिले।
- तिलई (3 सैंपल फेल): 4 स्टैकों में कीड़े, छत से रिसाव और बोरों पर तंबाकू के निशान।
- बोडासागर (5 में से 2 सैंपल फेल): मंजूरी से पहले भंडारण। एफआरके प्रतिशत व दानों की गुणवत्ता नहीं जांची गई।
- बनेया, सीतापुर (2 सैंपल फेल): रिकॉर्ड अधूरे। घटिया चावल 20 दिन से पड़ा रहा, भंडारण शुल्क नहीं लिया गया।
- बसंतपुर (2 में से 1 सैंपल फेल): मिलवार भंडारण नहीं। चावल में दाल, गेहूं और कीड़े मिले।
- बाराद्वार (2 में से 1 सैंपल फेल): मंजूरी से पहले माल रखा गया। बोरियों पर लॉट नंबर व तारीख नहीं।
- पांडोनगर, विश्रामपुर (1 सैंपल फेल): गोदाम के शीशे टूटे, गेट पर जाली नहीं। चावल में गेहूं, चना व कीड़े मिले।
- गुल्लीदांड, मरवाही (1 सैंपल फेल): रजिस्टर अधूरे। अमानक चावल नहीं हटा, भंडारण शुल्क नहीं वसूला गया।
- किरोड़ीमल नगर, रायगढ़: उतराई रजिस्टर में तारीख व स्टैक नंबर नहीं था। मौके पर स्टॉक अधिक मिला।
ब्लैकलिस्ट किए गए 9 प्लेसमेंट इंस्पेक्टर
वर्तमान में कार्यरत (4 कर्मचारी): हिमांशु दिलीवाड़ (रायपुर), हफीज खान (कांकेर), नेहा चंद्राकर (कोरबा), लोकेश चंद्रवंशी (राजनांदगांव)।
सिस्टम से बाहर हो चुके (5 कर्मचारी): मुस्कान कैनवर्ट (सिस्टम में नाम नहीं), महेंद्र चंद्राकर, देवी चंद्राकर, राजेंद्र राठौर, दीपक चंद्राकर।
कुछ क्वालिटी इंस्पेक्टरों को ब्लैकलिस्ट किए जाने का मामला मेरे संज्ञान में आया है। विस्तृत जानकारी के लिए फाइल मंगवाई है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
संजय श्रीवास्तव, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम