बिलासपुर : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित चेतना हाल में बिलासपुर पुलिस द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया । देशभक्ति और उत्साह से भरे इस कार्यक्रम में कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए 83 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती वंदना सिंह के साथ पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों को सम्मानित किया l

समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहरी पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे सहित नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीपीओ, डीएसपी, रक्षित निरीक्षक समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और उनके परिवारजन मौजूद रहे ।

अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान

सम्मानित पुलिसकर्मियों ने एयरपोर्ट सुरक्षा, न्यायालयीन कार्य, अपराधों के निराकरण, एनडीपीएस मामलों की विवेचना, डायल-112, सीसीटीएनएस संचालन, वीआईपी सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, बीट सिस्टम, आसूचना संकलन, गंभीर अपराधों के आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रशासनिक कार्यों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया ।

उप पुलिस अधीक्षक पंकज अवस्थी को एयरपोर्ट सुरक्षा एवं उच्च न्यायालय से संबंधित दायित्वों के बेहतर निर्वहन के लिए सम्मानित किया गया । निरीक्षक श्वेता मिश्रा गौरेहा को उच्च न्यायालय में गृह पुलिस विभाग से जुड़े न्यायालयीन कार्यों के उत्कृष्ट निर्वहन, निरीक्षक प्रदीप आर्य को अपराध निराकरण एवं संपत्ति बरामदगी तथा निरीक्षक राहुल तिवारी को डायल-112 के सुव्यवस्थित संचालन में योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया ।

इसी तरह उप निरीक्षक इन्द्रनाथ नायक और सहायक उप निरीक्षक विदेशी राम साहू को एनडीपीएस के दो मामलों में उत्कृष्ट विवेचना कर आरोपियों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सम्मानित किया गया । पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए ।

पुलिस परिवार की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में पुलिस परिवार के सदस्यों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया । पुलिस परिवार की प्रतिभाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का उत्साह बढ़ाया । खास बात यह रही कि एसएसपी रजनेश सिंह ने भी गीत गायन में सहभागिता की और पुलिस परिवार के साथ आत्मीयता का परिचय दिया ।

एसएसपी ने कहा - आपके बेहतर काम से मेरी वर्दी की शान बढ़ती है

सम्मान समारोह के दौरान एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अधिकारी-कर्मचारियों के बेहतर कार्य से बिलासपुर पुलिस की प्रतिष्ठा बढ़ती है । उन्होंने कहा, 'आप लोगों के बेहतर कार्य करने से मेरी वर्दी की शान और बढ़ती है ।' उन्होंने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए भविष्य में भी अनुशासन, तत्परता, संवेदनशीलता और पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया ।

पुलिस परिवार को बताया विभाग का अभिन्न अंग

एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिसकर्मियों के परिवारजनों के साथ समय बिताया और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं । उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार भी बिलासपुर पुलिस का अभिन्न अंग है । पुलिसकर्मियों के कठिन और चुनौतीपूर्ण दायित्वों के निर्वहन में परिवार का सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है ।

समारोह के अंत में एसएसपी ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी । कार्यक्रम का समापन देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और आपसी सौहार्द के संदेश के साथ हुआ । सम्मान मिलने से पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों में भी उत्साह और गौरव का भाव देखने को मिला ।