
बिलासपुर : अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट में छात्रों के बीच हुआ विवाद अब चर्चा का विषय बन गया है। कक्षा में शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते कैंटीन तक पहुंच गई और वहां विवाद ने ऐसा उग्र रूप ले लिया कि छात्र आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान कुछ छात्राएं भी घटनाक्रम में शामिल दिखाई दीं। पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया है।
कार्यक्रम को लेकर शुरू हुई बहस
जानकारी के अनुसार कॉमर्स विभाग में एक कार्यक्रम आयोजित कराने को लेकर एबीवीपी छात्र संगठन के उपाध्यक्ष, अध्यक्ष और एक अन्य छात्र के बीच विवाद शुरू हुआ था। पहले बातचीत और बहस तक सीमित मामला धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि छात्र एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया और कैंटीन में जमकर हंगामा हुआ।
वायरल वीडियो में मारपीट और गाली-गलौज
घटना का बताया जा रहा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्र एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया। घटनाक्रम में छात्राओं की मौजूदगी भी दिखाई दे रही है, जिसने पूरे मामले को और चर्चा में ला दिया है। विश्वविद्यालय में पढ़ाई करने आने वाले सामान्य विद्यार्थियों के बीच इस घटना को लेकर चिंता है। छात्रों का कहना है कि शिक्षण संस्थान में इस तरह खुलेआम मारपीट की घटनाएं होना गंभीर चिंता का विषय है।