
मुंबई. उद्योगपति अनिल अंबानी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने उनके खिलाफ नया मामला दर्ज किया है। यह मामला भारतीय जीवन बीमा निगम यानी एलआईसी को 3750 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने से जुड़ा है। सीबीआई ने इस केस में अनिल अंबानी के साथ उनकी कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस को भी आरोपी बनाया है।
एलआईसी ने की थी शिकायत
सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक एलआईसी ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। एलआईसी का आरोप है कि निवेश की प्रक्रिया के दौरान रिलायंस कम्युनिकेशंस ने गलत जानकारी दी और निवेश एजेंसी को गुमराह किया। इसके बाद सीबीआई ने अनिल अंबानी और उनकी कंपनी पर आपराधिक साजिश धोखाधड़ी धन के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के आरोप में केस दर्ज किया है।
4500 करोड़ के निवेश में हुई गड़बड़ी
सीबीआई की जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला साल 2009 से 2012 के बीच का है। उस वक्त एलआईसी ने रिलायंस कम्युनिकेशंस के डिबेंचर में करीब 4500 करोड़ रुपये का निवेश किया था। आरोप है कि इस भारी भरकम निवेश के लिए कंपनी ने अपनी वित्तीय स्थिति को लेकर भ्रामक जानकारी दी। निवेश के बदले जो संपत्तियां दिखाई गईं और उनकी सुरक्षा को लेकर जो दावे किए गए वे भी गलत निकले। इससे एलआईसी को बड़ा जोखिम उठाना पड़ा।
जांच के बाद कार्रवाई में जुटी सीबीआई
इस पूरे सौदे के कारण एलआईसी को 3750 करोड़ रुपये से ज्यादा का भारी नुकसान हुआ। नुकसान के बाद एलआईसी ने मामले की पूरी वित्तीय जांच कराई और फिर सीबीआई के पास शिकायत दर्ज कराई। केस दर्ज होने के बाद जांच एजेंसी आगे की कार्रवाई कर रही है। आने वाले दिनों में रिलायंस कम्युनिकेशंस के पुराने वित्तीय दस्तावेजों की जांच हो सकती है। सीबीआई संबंधित अधिकारियों से पूछताछ कर सकती है और इस मामले में गिरफ्तारी होने की भी आशंका है।




