बिलासपुर : बिलासपुर में एक सनसनीखेज ब्लैकमेलिंग मामले का खुलासा हुआ है । सरकंडा थाना क्षेत्र में एक एएसआई के बेटे और उसके साथियों ने नाबालिग छात्रा को डराकर-धमकाकर करीब 14 लाख 50 हजार रुपये और लगभग 450 ग्राम सोने के जेवर हड़प लिए । आरोपियों ने इस रकम से पिछले एक साल तक महंगी पार्टियां कीं, लग्जरी होटलों में ठहरे और नेपाल की सैर भी की । पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार हैं ।

दादा की तबीयत खराब होने का उठाया फायदा

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के दादा एसईसीएल से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं । उनकी तबीयत खराब रहने के कारण घर के बैंक संबंधी काम और लॉकर की जिम्मेदारी उन्होंने अपनी पोती को सौंप रखी थी । इसी दौरान जनवरी 2025 में छात्रा की दोस्ती मोपका निवासी आयुष यादव और उसके साथियों से हुई । आयुष यादव के पिता पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर पदस्थ हैं l पुलिस के अनुसार आयुष के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास सहित छह आपराधिक मामले दर्ज हैं ।

पहले मदद के नाम पर पैसे लिए, फिर धमकाकर करते रहे वसूली

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने शुरुआत में मदद के बहाने छात्रा से पैसे लिए । इसके बाद परिवार के सदस्यों और छोटे बच्चों की हत्या कराने तथा सड़क दुर्घटना में मरवाने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया l डर के माहौल में छात्रा से आरोपियों ने उसके परिजनों के एसबीआई और सहकारी बैंक खातों के एटीएम और फोनपे के माध्यम से करीब 4.50 लाख रुपये निकलवाए । इसके अलावा घर के लॉकर में रखे हार, चेन, अंगूठी, झुमके, टीका सहित करीब 450 ग्राम सोने के जेवर भी अपने कब्जे में ले लिए ।

महंगे होटल, पार्टियां और नेपाल की सैर

मामले की शिकायत मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने जांच शुरू की । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई । जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आयुष यादव और उसके साथी लगातार महंगे होटलों में ठहरकर फिजूलखर्ची कर रहे हैं । पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया । पूछताछ में खुलासा हुआ कि ब्लैकमेल कर वसूले गए पैसों से आरोपी नेपाल घूमने गए, लगातार महंगी पार्टियां करते रहे और ऐशो-आराम की जिंदगी जी रहे थे ।

चार आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

पुलिस ने इस मामले में आयुष यादव (विवेकानंद नगर, मोपका), आदर्श शर्मा, प्रिंस साहू (दीनदयाल कॉलोनी, बहतराई) और आदित्य पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है । वहीं दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है । आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 40 हजार रुपये नकद, सोने जैसी पीली धातु की दो अंगूठियां, एक चेन, मोबाइल फोन तथा अपराध की रकम से खरीदी गई एक एक्टिवा जब्त की है ।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है । फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि ब्लैकमेलिंग की इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही । साथ ही हड़पे गए शेष रुपये और सोने के आभूषणों की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं ।