
महासमुंद : छत्तीसगढ़ में अवैध शराब के कारोबारियों के हौसले इतने बुलंद हो गये हैं कि अब उनके खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम भी सुरक्षित नहीं है। महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की छह सदस्यीय टीम पर हमला और मारपीट का मामला सामने आया है। अचानक हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें आबकारी विभाग के सब इंस्पेक्टर, एक आरक्षक और सेल्समैन घायल हो गए। घायलों में सेल्समैन ललित राजपूत की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अवैध शराब की सूचना पर पहुंची टीम
मिली जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग को अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर विभाग की छह सदस्यीय टीम बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम बोकरामुड़ाखुर्द स्थित डुमानी पारा पहुंची। टीम का उद्देश्य मौके पर अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना था, लेकिन कार्रवाई शुरू होने से पहले ही वहां मौजूद लोगों के साथ टीम का विवाद हो गया।
अचानक विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस ने संभाला मोर्चा
शुरुआत में हुई कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आबकारी टीम के सदस्यों के साथ मारपीट की, जिसमें SI, आरक्षक और सेल्समैन घायल हो गए। अचानक बिगड़े हालात के बीच टीम को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही बागबाहरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए आबकारी विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया गया।
सेल्समैन को गंभीर हालत में महासमुंद किया रेफर
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सेल्समैन ललित राजपूत की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए महासमुंद रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य घायलों का भी उपचार कराया गया।
थाने पहुंचा मामला, आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना के बाद आबकारी विभाग की टीम ने बागबाहरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।