
बिलासपुर : श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित जूडियो शोरूम में हुई चोरी का सिविल लाइन पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की सेफ और उसमें रखे 4 लाख 83 हजार रुपए की पूरी रकम बरामद कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले शोरूम संचालक ने सिविल लाइन थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि शोरूम के बेसमेंट में लगा कांच का गेट टूटा हुआ था। अंदर जाकर जांच करने पर पता चला कि चोर कैश और ऑफिस में रखी सेफ को उठाकर ले गए हैं। सेफ में दो दिन की बिक्री की रकम रखी थी।
सीसीटीवी फुटेज से शुरू हुई आरोपियों की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने सिविल लाइन पुलिस को आरोपियों की तलाश कर चोरी का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कुछ संदिग्ध नजर आए, जिसके आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान और तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कस्तूरबा नगर इलाके में दो संदिग्ध जूडियो स्टोर में हुई चोरी और चोरी के सामान को लेकर बातचीत कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कस्तूरबा नगर सिंधी कॉलोनी निवासी रमेश सिंह (40) और टिकरापारा डीपी विप्र कॉलेज के पीछे निवासी पुष्पेंद्र यादव (45) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में स्वीकार की चोरी, तिजोरी और नगद बरामत
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जूडियो शोरूम में चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की तिजोरी और उसमें रखी 4 लाख 83 हजार रुपए की रकम बरामद कर ली। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सिविल लाइन टीआई किशोर केंवट ने बताया कि चोरी का खुलासा करने में सीसीटीवी फुटेज के साथ ही पुलिस टीम और बीट आरक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।